माजरा में 564 बोतल अवैध देसी शराब बरामद, पुलिस ने 47 पेटियां और दो वाहन किए जब्त
पांवटा साहिब (सिरमौर), 21 जुलाई। सिरमौर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है। पुलिस को सड़क किनारे लावारिस खड़े दो वाहनों से 564 बोतल अवैध ‘सन्तरा’ देसी शराब मिली, जिसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को पुलिस थाना माजरा की टीम क्षेत्र में गश्त के दौरान धौलाकुआं में मौजूद थी। इसी दौरान धौलाकुआं स्थित IIM गेट से आगे गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सड़क किनारे लावारिस अवस्था में खड़े दो संदिग्ध वाहनों—महिन्द्रा जाइलो (HP17C-1856) और अशोक लेलैंड टेम्पो (HP71A-4416)—की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिन्द्रा जाइलो से 30 पेटियां तथा अशोक लेलैंड टेम्पो से 17 पेटियां, यानी कुल 47 पेटियां अवैध देसी शराब ‘सन्तरा’ बरामद हुईं। बरामद शराब में कुल 564 बोतलें पाई गईं।
पुलिस ने मौके पर ही बरामद शराब और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि शराब के स्रोत, इसके परिवहन में शामिल लोगों तथा अवैध तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई पुलिस थाना माजरा द्वारा की जा रही है।
