Sirmaur News: रेड अलर्ट के बीच अवकाश आदेश में बड़ा बदलाव, HPU की परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी
नाहन, 20 जुलाई 2026।
रेड अलर्ट के कारण स्कूल-कॉलेज बंद हैं, लेकिन हजारों छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
जिला प्रशासन ने अवकाश आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर प्रियंका वर्मा द्वारा अत्यधिक वर्षा की चेतावनी के मद्देनज़र पूर्व में जारी अवकाश आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 20 और 21 जुलाई 2026 के लिए अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे।
हालांकि, प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई कि इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की विभिन्न परीक्षाएं निर्धारित हैं और बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30(2)(v) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एचपीयू की निर्धारित परीक्षाओं को शिक्षण संस्थानों के बंद रहने के आदेश से अपवाद (Exception) प्रदान किया है। इसके तहत एचपीयू की सभी निर्धारित परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
प्रशासन ने दिए सुरक्षा के निर्देश
संशोधित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश की अन्य सभी शर्तें और निर्देश यथावत प्रभावी रहेंगे। साथ ही सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों, परीक्षा प्राधिकरणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाए जाएं।
