कालाअंब: पुल से नीचे गिरी रेहड़ी, 27 वर्षीय युवक की मौत; इलाके में शोक की लहर
कालाअंब (सिरमौर): रविवार को सिरमौर के बर्मा पापड़ी क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई, जहां एक मामूली सी चूक ने 27 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली। रेहड़ी लेकर पुल पार कर रहा युवक अचानक संतुलन खो बैठा और पुल से नीचे गिर गया।
उपमंडल नाहन के बर्मापापड़ी क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राम लाल (27) पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी बर्मापापड़ी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम लाल रविवार को अपनी रेहड़ी लेकर स्थानीय पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की सहायता से डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे बर्मापापड़ी क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलों और ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग भी उठाई है।
