Table of Contents
सिरमौर में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन!
संगड़ाह में दो अलग-अलग छापों में 3 युवक गिरफ्तार, सप्लाई चेन तक पहुंचने में जुटी पुलिस।
संगड़ाह में चिट्टे के साथ धरे गए 3 युवक, दो अलग-अलग मामलों में 2.95 ग्राम हेरोइन बरामद
संगड़ाह: सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए संगड़ाह क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला पुलिस चौकी हरिपुरधार के अंतर्गत सामने आया। गश्त के दौरान काला मोड़ हरिपुरधार के पास गुप्त सूचना के आधार पर कार HP08A-3674 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक विजय, निवासी जुब्बली (तहसील कुपवी, जिला शिमला) तथा आयुष्मान, निवासी बरमाणा (तहसील सदर, जिला बिलासपुर) के कब्जे से 0.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम गश्त के दौरान सैंजघाट के पास मौजूद थी। गुप्त सूचना मिलने पर राम स्वरूप उर्फ बबलू, निवासी गांव व डाकघर भवाई, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 2.3 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि चिट्टे की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
