Home आस्था नाहन जगन्नाथ रथ यात्रा 2026: नाहन में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, देखें भव्य नजारे

नाहन जगन्नाथ रथ यात्रा 2026: नाहन में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, देखें भव्य नजारे

by Dainik Janvarta
0 comment

Nahan Jagannath Rath Yatra 2026: आस्था का सैलाब! हजारों हाथों ने खींची भगवान जगन्नाथ के रथ की डोर, गूंज उठा पूरा नाहन

नाहन। जब भगवान श्री जगन्नाथ का भव्य रथ नाहन की सड़कों पर निकला तो पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी थामकर आस्था, एकता और धार्मिक सौहार्द की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने हर किसी का मन मोह लिया।

सिरमौर मुख्यालय नाहन में रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ की 18वीं भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के बीच निकाली गई। उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे शहर में भक्ति का माहौल देखने को मिला और “जय जगन्नाथ” के उद्घोष लगातार गूंजते रहे।

यात्रा का शुभारंभ बड़ा चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से हुआ। विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल तथा उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने भगवान की पूजा-अर्चना कर रथ की रस्सी खींचते हुए यात्रा को रवाना किया।

पालकियों के साथ निकली दिव्य यात्रा

सुबह करीब 8:30 बजे सबसे आगे भगवान बलराम की पालकी, उसके पीछे माता सुभद्रा और सबसे अंत में भगवान श्री जगन्नाथ की पालकी निकाली गई। यात्रा हिंदू आश्रम, दिल्ली गेट और नया बाजार होते हुए ऐतिहासिक चौगान मैदान पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीनों विग्रहों को भव्य रथ पर विराजमान किया गया।

इसके बाद रथ यात्रा चौगान मैदान से माल रोड, गुन्नूघाट, पक्का टैंक, रानीताल और कच्चा टैंक होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान का भव्य स्वागत किया। बाद में यात्रा पालकियों के माध्यम से बस स्टैंड घाटी, छोटा चौक होते हुए पुनः बड़ा चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।

पूरे शहर में दिखी सामाजिक समरसता

रथ यात्रा के दौरान नाहन में धार्मिक सौहार्द का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। शहर के विभिन्न स्थानों पर हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई जगहों पर पुष्प वर्षा की गई, जबकि सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को हलवा, खीर, राजमा-चावल, कढ़ी-चावल, छोले, मिठाई, शरबत, लस्सी और जलजीरा सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किए।

2009 से भव्य स्वरूप में निकल रही है रथ यात्रा

हालांकि नाहन के श्री जगन्नाथ मंदिर से रियासत काल से शोभायात्रा निकलती रही है, लेकिन वर्ष 2009 से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल समिति इसे भव्य स्वरूप में आयोजित कर रही है। इस वर्ष आयोजित 18वीं रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

डॉ. राजीव बिंदल ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

रथ यात्रा में सांसद सुरेश कश्यप भी शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक भाग लेकर सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.