सिरमौर: दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं से सनसनी, बिक्रमबाग में जमीन विवाद पर पथराव, माजरा में घर में घुसकर बुजुर्ग पर हमला
सिरमौर में एक ही दिन हुई दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।
बिक्रमबाग में जमीन विवाद के दौरान पथराव और डंडों से हमला हुआ, जबकि माजरा में घर में घुसकर एक बुजुर्ग को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है।
कालाअंब/माजरा। सिरमौर जिले के पुलिस थाना कालाअंब और माजरा में मारपीट के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालाअंब में जमीन विवाद के दौरान पथराव और मारपीट
पुलिस थाना कालाअंब में साहिदा पत्नी रोशन अली, निवासी सिम्बलवाला, डा. बिक्रमबाग, नाहन, जिला सिरमौर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार एसडीएम के आदेशों की अनुपालना में पटवारी हल्का मोगीनंद भूमि संबंधी मामले में मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के जंग मोहम्मद और अन्य लोगों ने सरकारी कार्रवाई में हस्तक्षेप करते हुए पथराव किया तथा डंडों से हमला कर दिया।
इस घटना में शिकायतकर्ता की माता, पति, भाई सहित अन्य लोगों को पत्थर लगने से चोटें आईं। शिकायत में गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस थाना कालाअंब में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
माजरा में घर में घुसकर बुजुर्ग पर हमला
दूसरा मामला पुलिस थाना माजरा में दर्ज किया गया है। जसबिन्द्र सिंह निवासी गांव पडदूनी, डाकघर गिरीनगर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने पुलिस को शिकायत दी है कि रात के समय उनके ताऊ करण सिंह घर के बाहर घायल अवस्था में मिले।
परिजनों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर डंडों से मारपीट की। पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
