पुरुवाला में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट; चालक पर केस दर्ज
पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के आरोप में चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की सुबह रामपुर घाट–हरिपुर टोहाना मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। मामले की शिकायत सन्नी पुत्र कश्मीरी लाल, निवासी गांव हरिपुर टोहाना, ने पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार, रामपुर घाट की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने सामने सही दिशा में जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीवन सिंह पुत्र सरना राम, निवासी गांव हरिपुर टोहाना, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर अस्थायी नंबर HP-T062 HP61938 अंकित पाया गया। बाइक चालक की पहचान सोनू कुमार, निवासी गांव अलौली, जिला खगरिया (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस थाना पुरुवाला ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
