कालाअंब में अवैध रेहड़ियों पर चलेगा अभियान, सोमवार से कार्रवाई; पुलिस बल मांगा गया
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए ग्राम पंचायत ने अवैध रेहड़ियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पंचायत ने अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है और पुलिस को पत्र जारी कर कार्रवाई के दौरान टीम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
ग्राम पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार से अवैध रेहड़ियों को हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्रिलोकपुर मार्ग पर सड़क किनारे अनियमित रूप से लग रही रेहड़ियों के कारण यातायात बाधित हो रहा है और हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
प्रधान ने स्पष्ट किया कि त्रिलोकपुर सड़क के दोनों किनारों से कम से कम 10 फीट दूर ही रेहड़ियां लगाई जा सकेंगी। सड़क की सीमा में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचायत का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाना है ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्राम पंचायत ने सभी रेहड़ी संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित दूरी का पालन करें और प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
