Sirmaur Accident: सड़क किनारे बैठी थी महिला… अचानक बेकाबू कार ने रौंदा, मौके पर मचा चीख-पुकार
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नाहन-शिमला नेशनल हाईवे पर बनेठी के समीप निहोग गांव के पास सड़क किनारे पैरापिट पर बैठी एक महिला को कार ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय महिला के साथ बैठी दूसरी महिला बाल-बाल बच गई।
मृतका की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान बाला देवी (45) पत्नी यशपाल, निवासी गांव निहोग, डाकघर बनेठी, तहसील नाहन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाला देवी स्थानीय स्कूल में मिड-डे मील (MDM) वर्कर के रूप में कार्यरत थीं। घटना के समय वह गांव के पास सड़क किनारे पशु चरा रही थीं और कुछ देर के लिए पैरापिट पर बैठी थीं, तभी यह हादसा हो गया। उनकी मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ऐसे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, दो पुलिस कांस्टेबल एक कैदी को विशेष न्यायाधीश, सोलन की अदालत में पेश करने के बाद कार नंबर HP71A-3030 से नाहन लौट रहे थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे जब कार निहोग गांव के पास पहुंची, तो चालक कथित रूप से कार पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सीधे सड़क किनारे बने पैरापिट पर बैठी महिलाओं की ओर चली गई और बाला देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके साथ बैठी दूसरी महिला किसी तरह बच निकली।
पुलिस कर्मी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर नाहन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार चला रहे पुलिस कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
