Himachal Road Accident: 100 फीट गहरी खाई में गिरी HRTC बस, चीख-पुकार से गूंजा इलाका, एक की मौत, 15 घायल
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। 100 फीट गहरी खाई में एचआरटीसी की बस गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक बुजुर्ग यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बुधवार देर शाम ननखड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के घटोला के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की बस (नंबर HP 06A-6454) रामपुर से खोलीघाट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस ननखड़ी क्षेत्र के घटोला के पास पहुंची, चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में ढाकू राम (70) पुत्र स्वर्गीय कालू राम, निवासी गांव शालू, ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर (खनेरी), रामपुर पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे के पीछे बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्थानीय प्रशासन ने घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और दुर्घटना की विस्तृत जांच जारी है।
