34 वर्षों से जारी सेवा की मिसाल: नीलकंठ धाम (उत्तराखंड) में कांवड़ यात्रियों के लिए 11 दिन का विशाल 24 घंटे भंडारा
पंचकूला। सावन माह में भगवान शिव के भक्तों और कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए श्री नीलकंठ धाम चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला एक बार फिर विशाल भंडारे का आयोजन करने जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से 28 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक नीलकंठ धाम में 24 घंटे निरंतर भंडारा संचालित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जलपान और आवश्यक दवाइयों की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
ट्रस्ट के चेयरमैन डा. सतीश गर्ग ने बताया कि उनका ट्रस्ट पिछले 34 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रियों और शिव भक्तों की सेवा में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सेवा ट्रस्ट के सभी सहयोगियों के सहयोग और भगवान शिव की कृपा से निरंतर जारी है।
उन्होंने बताया कि भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट भोजन, पेयजल, चाय-नाश्ता तथा प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
डा. सतीश गर्ग ने कहा कि भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी आस्था है और शिव भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक संतोष का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी श्री नीलकंठ धाम चैरिटेबल ट्रस्ट इसी समर्पण और सेवा भाव के साथ यह पावन कार्य निरंतर जारी रखेगा।
सावन के पावन अवसर पर आयोजित यह विशाल भंडारा कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा, श्रद्धा और समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
