कालाअंब: बुलेट की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, चालक मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
कालाअंब में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के करीब एक महीने बाद मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने पर पुलिस ने अज्ञात बुलेट चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पुलिस थाना कालाअंब क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला प्रेमपाल सिंह निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, नाहन की शिकायत पर दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, 9 जून 2026 की सुबह वह अपनी बाइक (HP-18C-6629) पर कालाअंब से नाहन की ओर जा रहा था। जब वह आम्बवाला के पास पहुंचा, तभी नाहन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेमपाल सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बुलेट चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घायल का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें उसके बाएं हाथ की एक उंगली कटने तथा पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना कालाअंब में फरार बुलेट चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
