Paonta Sahib Accident: तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक घायल… चालक मौके से फरार
पांवटा साहिब (सिरमौर), 14 जुलाई। रविवार देर शाम पांवटा साहिब में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पीछे से आई एक स्विफ्ट कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उस पर सवार तीन युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज मामले के अनुसार, हितेश निवासी गांव सतीवाला, डाकघर बातामंडी, तहसील एवं थाना पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 13 जुलाई को बहराल की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक स्विफ्ट कार ने पांवटा साहिब की ओर जा रही मोटरसाइकिल (UP11CU4994) को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। हादसे में घायल युवकों की पहचान सलीम, सावेज और रिहान, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के तुरंत बाद स्विफ्ट कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात स्विफ्ट कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।
