Kullu Accident News: मां का हाथ थामे सड़क पर चल रही थी मासूम… तभी एक पल में उजड़ गई दुनिया
महज 3 साल की ध्यानवी की जीप की टक्कर से दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। यह हादसा मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नशाला के समीप हुआ, जहां सड़क पार कर रही बच्ची तेज रफ्तार जीप की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। तीन वर्षीय ध्यानवी अपनी मां के साथ बाहर निकली हुई थी। इसी दौरान नशाला के पास एक जीप ने बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल पहुंचाया।
हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार, जीप चालक की पहचान देश राज (18 वर्ष), निवासी जाणा, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
