सराहां सड़क हादसा: कार दुर्घटना में पति और शिक्षिका की गई जान, अब अस्पताल में घायल पत्नी ने भी तोड़ दिया दम।
रविवार शाम हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि परिवार का बेटा अभी भी जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
सराहां हादसा अपडेट: नाहन मेडिकल कॉलेज में घायल महिला ने भी तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर तीन
नाहन (सिरमौर), 13 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के सराहां में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक खुशहाल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली (60) पत्नी अधिकारी जेटली ने उपचार के दौरान डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन में दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे सराहां बस स्टैंड से लगभग 100 मीटर आगे एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार चला रहे अधिकारी जेटली (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार शिक्षिका रीना शर्मा (48) ने भी घटनास्थल पर ही अंतिम सांस ली।
हादसे में अधिकारी जेटली की पत्नी उर्मिला जेटली और उनके पुत्र यशस्वी जेटली गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर किया गया। इलाज के दौरान उर्मिला जेटली ने भी दम तोड़ दिया, जबकि घायल बेटे का अस्पताल में उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर दुर्घटना के सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
