नाहन में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का एक्शन, गुप्त सूचना पर युवक दबोचा; 1.74 ग्राम हेरोइन बरामद
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाहन शहर से एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक अन्य युवक के साथ मिलकर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के धंधे में लिप्त है। सूचना मिलते ही स्पेशल डिटेक्शन सेल ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को स्पेशल डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि जय सिंह नाम का युवक, प्रिंस पुत्र राकेश कुमार निवासी वाल्मीकि बस्ती, नाहन के साथ मिलकर चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान जय सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी मकान नंबर 391/11, बवेजा पेट्रोल पंप के नजदीक, नाहन, जिला सिरमौर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.74 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाता था तथा किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। साथ ही मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
