कालाअंब में बारिश का कहर! 30 लाख का नुकसान, फैक्ट्री का फर्श धंसा, मशीनें टेढ़ी… ठप हुआ उत्पादन
कालाअंब (सिरमौर)। क्या सिर्फ तीन दिन पहले हुई बारिश किसी उद्योग को लाखों की परेशानी में डाल सकती है? कालाअंब के मीरपुर कोटला स्थित ठाकुरजी पेपर्स उद्योग की तस्वीर यही कहानी बयां कर रही है। बरसाती पानी के फैक्ट्री में घुसने से करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जलभराव इतना भयावह था कि फैक्ट्री का फर्श धंस गया, भारी मशीनें टेढ़ी हो गईं और पूरा उत्पादन ठप पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, मीरपुर कोटला क्षेत्र में बरसाती नाले का प्राकृतिक निकास मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पूरा पानी सड़क के रास्ते सीधे उद्योग परिसर में घुस गया। देखते ही देखते फैक्ट्री में पानी भर गया और मशीनरी, भवन तथा फर्श को गंभीर नुकसान पहुंचा।
उद्योग प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि नाले का प्राकृतिक निकास बंद होने से बरसाती पानी का पूरा दबाव फैक्ट्री की ओर आ गया। जलभराव के कारण फैक्ट्री का फर्श पूरी तरह धंस गया, जिससे उस पर स्थापित भारी मशीनें भी मुड़कर टेढ़ी हो गईं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार उद्योग को करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि मशीनरी क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल उत्पादन पूरी तरह बंद है, जिससे उद्योग को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उद्योग प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि बरसाती नाले के प्राकृतिक निकास मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाली बारिश में नुकसान और भी अधिक हो सकता है।
