घर पहुंचने से महज एक किलोमीटर पहले नेशनल हाईवे-907A पर गहरी खाई में गिरी कार, 2 लोगों की मौत, 2 घायल
सराहां (सिरमौर)। सिरमौर जिले के सराहां में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे-907A पर सराहां बस स्टैंड और बाईपास चौक के बीच एक तीखे मोड़ पर हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रविवार शाम करीब सात बजे हुआ। कार कुमारहट्टी से सराहां की ओर आ रही थी। वाहन में एक ही परिवार के सदस्य अधिकारी जेटली (65), उनकी पत्नी उर्मिला जेटली (60), पुत्री यशस्वी जेटली (33) तथा उनकी रिश्तेदार रीना शर्मा (48), निवासी गांव घरघोन पलाशो, सवार थीं।
बताया जा रहा है कि सराहां स्थित अपने घर से महज एक किलोमीटर पहले कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अधिकारी जेटली और रीना शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उर्मिला जेटली और यशस्वी जेटली का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे सराहां क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
डीएसपी वी.सी. नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नेशनल हाईवे-907A पर कार दुर्घटना में एक पुरुष और एक महिला की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
