Crime News: घूमने के बहाने पत्नी को हिमाचल लाया, गला रेतकर 100 मीटर गहरी खाई में फेंका; जागरूक नागरिक और पुलिस ने बचाई जान
सोलन। अगर उस रात एक राहगीर ने समय रहते हिम्मत नहीं दिखाई होती, तो यह वारदात शायद एक रहस्यमयी मौत बनकर रह जाती।
उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने हिमाचल लाई गई महिला को उसके पति ने भाई और दोस्त के साथ मिलकर मारने की कोशिश की, लेकिन महज आधे घंटे में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सोलन जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां उत्तर प्रदेश से आई एक महिला की उसके ही पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर हत्या करने की कोशिश की। आरोपियों ने पहले महिला के गले पर चाकू से वार किया और फिर उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए झाड़ियों के बीच से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंचने में सफलता हासिल की, जिसके बाद उसकी जान बचाई जा सकी।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दलीप कुमार का अपनी पत्नी मोनिका के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने सगे भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर साजिश रची। योजना के तहत तीनों मोनिका को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश से हिमाचल प्रदेश के सोलन लेकर आए, ताकि सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया जा सके।
घटना 10 जुलाई की रात की है। बड़ोग निवासी नरेश कुमार अपनी कार से देहुंघाट से गलोग की ओर जा रहे थे। पंच परमेश्वर मंदिर के पास एक मोड़ पर उन्होंने तीन युवकों को एक युवती के साथ संदिग्ध हालत में देखा। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद उन्हें शक हुआ कि युवकों द्वारा महिला के साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी वापस मोड़ी।
मौके पर पहुंचते ही नरेश ने देखा कि तीनों युवक महिला को सड़क किनारे से करीब 100 मीटर गहरी खाई में धक्का देकर नगाली की ओर भाग रहे हैं। उन्होंने बिना देर किए पुलिस चौकी सपरून को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना सोलन की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह झाड़ियों से निकलकर बाईपास सड़क तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पैरापिट के पास मिले खून के निशान सहित अन्य वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए।
एसपी सोलन टी. एस.डी. वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे के भीतर नगाली क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार (28) निवासी जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश, उसके भाई शिवम (20) तथा मदन कुमार (28) निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
