शिमला में 11 पेटी अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की जांच
शिमला। हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिड़गांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11 पेटी अवैध शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को एसडीपीओ कार्यालय रोहड़ू की टीम नियमित गश्त एवं जांच पर थी। इसी दौरान चिड़गांव क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 132 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। इनमें 48 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की, 48 बोतल सुपर संतरा, 24 बोतल संतरा नंबर-1 और 12 बोतल थंडरबोल्ट बीयर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह शराब कुल 11 पेटियों में रखी गई थी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान शीशपाल पुत्र रामनाथ, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद की गई शराब कहां से लाई गई थी, इसका स्रोत क्या था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
