नाहन में सब्जी व्यापारी और नगर परिषद सफाई कर्मचारियों के बीच भिड़ंत, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
बड़ा चौक पर मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदली, पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज कर शुरू की जांच
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक में शनिवार सुबह सब्जी व्यापारी और नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहली शिकायत राजन सैणी पुत्र राजकुमार सैणी, निवासी छोटा गेट रानी, नाहन ने दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने मजदूर के साथ सब्जी से लदी गाड़ी बड़ा चौक में उतारने पहुंचा था। गाड़ी को बैक करते समय पीछे सफाई कर रही एक महिला के चिल्लाने पर वहां मौजूद नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सचिन और संदीप उसके साथ गाली-गलौच करने लगे।
शिकायत के अनुसार जब वह वहां से जाने लगा तो दोनों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि सचिन ने उसके गाल पर थप्पड़ मारा, जबकि बीच-बचाव करने आए सागर शेख और उसके पिता के साथ भी मारपीट की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संदीप ने फावड़े से तथा सचिन ने झाड़ू के डंडे से हमला किया, जिससे उसके बाएं हाथ पर चोट लगी।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय ईश्वर दास, निवासी वाल्मीकि बस्ती, नाहन ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। संदीप के अनुसार वह अपने साथियों के साथ नगर परिषद की गाड़ी से बड़ा चौक में कूड़ा उठाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान सब्जी से लदी गाड़ी बैक करते समय वहां कार्यरत सफाई कर्मचारी रमा देवी को टक्कर लग गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब वे रमा देवी को उठाने पहुंचे तो गाड़ी चालक तथा उसके साथ मौजूद 10-12 लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान नगर परिषद की गाड़ी की चाबी छीन ली गई और सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले फावड़े व झाड़ू भी छीनने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना नाहन में क्रॉस FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
