अब हिमाचल में गंभीर बीमारियों की जांच होगी पहले से ज्यादा तेज और सटीक! शिमला के चमियाणा स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI मशीन का शुभारंभ हो गया है।
शिमला में 23 करोड़ की अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI सुविधा शुरू, AIMSS बना प्रदेश का दूसरा सरकारी संस्थान
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, चमियाणा (AIMSS) में अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI सुविधा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही IGMC शिमला के बाद AIMSS प्रदेश का दूसरा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है, जहां यह आधुनिक इमेजिंग तकनीक उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस अत्याधुनिक MRI मशीन से मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग, कम समय में जांच और अधिक सटीक रोग निदान की सुविधा मिलेगी। इससे गंभीर बीमारियों की पहचान पहले से अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसले
MRI सुविधा के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों के साथ बैठक कर संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
उन्होंने बताया कि चमियाणा संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। अस्पताल तक मरीजों और तीमारदारों की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ई-बस सेवा भी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सीनियर रेजिडेंट के पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में 800 नर्सिंग पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि दिसंबर तक 200 एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति भी की जाएगी।
AIMSS मोबाइल ऐप भी लॉन्च
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर AIMSS मोबाइल एप्लिकेशन का भी शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से मरीज अस्पताल और उसकी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें इलाज से जुड़ी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. गोपाल बेरी, संस्थान के प्राचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
