60 करोड़ की लागत से कालाअंब के उद्योगों को मिलेगी निर्बाध बिजली, उद्योग मंत्री ने उद्यमियों की सुनी समस्याएं
नाहन (सिरमौर), 11 जुलाई। कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से उद्योगों को परेशान कर रही बिजली की समस्या अब जल्द अतीत बनने की ओर है। प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 60 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं शुरू कर दी हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद उद्योगों को लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाले बिजली कटौती से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शुक्रवार शाम उद्योग, संसदीय मामले, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कालाअंब में औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी उनके साथ मौजूद रहे। बैठक में उद्योगपतियों ने सड़क, बिजली और पानी सहित विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने, नए निवेश आकर्षित करने और संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का शांत एवं अनुकूल वातावरण उद्योग स्थापना के लिए बेहतर है और उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 25 करोड़ रुपये की लागत से जोहड़ों सब-स्टेशन की क्षमता 31.5 एमवीए से बढ़ाकर 63 एमवीए की जा रही है। इसके अलावा मोगीनंद और खैरी में 33/11 केवी के दो नए सब-स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिन पर 24 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इनकी कुल क्षमता 40 एमवीए होगी।
मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के 20 फीडरों की विद्युत लाइनों की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है, जिससे लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी, पावर कट में कमी आएगी और उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कालाअंब क्षेत्र में भू-जल विभाग द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज स्ट्रक्चर (चेक डैम) बनाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में भू-जल स्तर सुधरेगा और जल संकट से भी राहत मिलेगी।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को सुनने के बाद मंत्री ने उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योगपतियों से अपने संस्थानों में हिमाचली युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की अपील की, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को भी उद्योगों की समस्याओं के समाधान में पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी, डॉ. दान सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष दीपन गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष संजय सिंगला, मनोज गर्ग, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा, जिला उद्योग केंद्र नाहन के महाप्रबंधक रचित शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता वी.के. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे।
