हिमाचल के नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर!
अगर आपका रोजगार पंजीकरण वैध नहीं है, तो स्टाफ नर्स के 71 पदों पर भर्ती की दौड़ से बाहर हो सकते हैं।
Himachal: स्टाफ नर्स के 71 पदों पर होगी बैचवाइज भर्ती, 24 जुलाई तक रोजगार पंजीकरण अपडेट कराना जरूरी
शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में स्टाफ नर्स (जॉब ट्रेनी) के 71 पदों पर बैचवाइज भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम जिला रोजगार कार्यालयों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाएंगे। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों के लिए 24 जुलाई तक अपना रोजगार पंजीकरण या उसका नवीनीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीकरण समाप्त हो चुका है या अभी तक नवीनीकरण नहीं कराया गया है, वे बिना देरी किए अपने नजदीकी जिला या उप रोजगार कार्यालय में जाकर अथवा ईईएमआईएस (eEMIS) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण कर लें। निर्धारित तिथि तक वैध पंजीकरण नहीं होने पर संबंधित अभ्यर्थियों के नाम स्वास्थ्य विभाग को प्रायोजित नहीं किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 71 पद विभिन्न श्रेणियों में भरे जाएंगे। इनमें अनारक्षित (यूआर) के 28, ओबीसी के 13, अनुसूचित जाति (एससी) के 13, यूआर ईडब्ल्यूएस के 7, ओबीसी बीपीएल के 3, एससी बीपीएल के 3, एसटी के 2, एससी डब्ल्यूएफएफ का 1 और यूआर डब्ल्यूएफएफ का 1 पद शामिल हैं।
रोजगार विभाग के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन संबंधित श्रेणी के बैचवाइज आधार पर किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना रोजगार पंजीकरण अपडेट कर लें, ताकि उनका नाम समय पर स्वास्थ्य विभाग को भेजा जा सके।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं।
