यमुना नदी उफान पर! लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी
नदी का बहाव हुआ तेज़, लोगों से नदी किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील
पांवटा साहिब (सिरमौर), 10 जुलाई। सिरमौर जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब यमुना नदी पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार वर्षा के चलते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी का बहाव तेज़ हो गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरतने की अपील जारी की है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों से भी आग्रह किया है कि वे नदी के किनारे जाने, पानी में उतरने या सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से पूरी तरह बचें। तेज़ बहाव के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
प्रशासन ने कहा है कि बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है, इसलिए सभी लोग सतर्क रहें और मौसम तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से नदी किनारे रहने वाले लोगों से भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।
आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनावश्यक जोखिम लेने से बचना ही सबसे बेहतर उपाय है।
