बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, सड़क बनी तालाब तो दुकानों में घुसा गंदा पानी
कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर दिनभर लगा जाम, दुकानदारों ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
कालाअंब (सिरमौर)। लगातार हो रही बारिश ने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। कालाअंब-त्रिलोकपुर संपर्क मार्ग पर जलभराव के कारण सड़क तालाब में तब्दील हो गई, जबकि ओवरफ्लो हुई ड्रेन का गंदा पानी कई दुकानों में घुस गया। इससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और दोपहिया चालकों सहित राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि त्रिलोकपुर रोड पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात में यही हालात बन जाते हैं। इस समस्या को लेकर लोगों में संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है।
स्थानीय निवासी राजकुमार, गोपाल, नदीम, आशिक और विक्रम ने बताया कि त्रिलोकपुर रोड स्थित सब्जी मंडी के समीप बनी ड्रेन की लंबे समय से सफाई नहीं की गई है। इसके चलते बारिश का पानी आगे नहीं निकल पा रहा और ड्रेन ओवरफ्लो होकर दुकानों में घुस रहा है। उन्होंने बताया कि पूरी सड़क जलमग्न होने से लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आसपास की रिहायशी कॉलोनियों से निकलने वाला गंदा पानी भी बंद पड़ी ड्रेन के कारण सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ड्रेनों की नियमित सफाई कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर बरसात में दुकानदारों और आम लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।
