लगातार हो रही बारिश ने सिरमौर जिले में जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। कई संपर्क सड़कें बंद होने से आठ पंचायतों का संपर्क प्रभावित हो गया है, जबकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो रही है।
Sirmaur Rain Update: लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई सड़कें बंद, आठ पंचायतों का संपर्क टूटा
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में वीरवार तड़के से शुरू हुई लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव और कीचड़ से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
जिले के हरिपुरधार, नौहराधार, संगड़ाह, ददाहू, राजगढ़, पच्छाद, पांवटा साहिब, नाहन, कालाअंब सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम के बदले मिजाज के चलते लोगों को दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सतौन क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे से लगातार वर्षा दर्ज की जा रही है। भारी बारिश के कारण सतौन–रेणुकाजी मार्ग सहित कोडगा, सखोली, कांटी मशवा और कठवार की संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। इससे क्षेत्र की करीब आठ पंचायतों का आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। वहीं मैदानी इलाकों में सड़कों पर जलभराव तथा कच्चे रास्तों पर कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनजीवन पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।
