कालाअंब में सफाई व्यवस्था बदहाल, कूड़े के ढेर से उठी दुर्गंध; लोगों ने उठाए सवाल
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सफाई व्यवस्था की बदहाली अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पिछले कुछ समय से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-07, त्रिलोकपुर मार्ग और आसपास के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इससे न केवल राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-07 और त्रिलोकपुर रोड के किनारे सफाई और कूड़ा उठान का कार्य टीसीपी विभाग की ओर से एक निजी ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। एकत्रित कचरे को दोसड़का स्थित नगर परिषद की डंपिंग साइट तक पहुंचाने की व्यवस्था है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़ा उठाने का कार्य नियमित नहीं हो रहा, जिसके कारण कई जगह गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगाया गया कूड़ा उठाने वाला पिकअप वाहन पर्याप्त क्षमता का नहीं है। उनके अनुसार औद्योगिक क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की तुलना में वाहन बहुत कम मात्रा में कूड़ा उठा पाता है। कई बार वाहन तय समय पर भी नहीं पहुंचता, जिससे कूड़ा कई दिनों तक सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पड़ा रहता है।
लोगों ने मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए बड़े क्षमता वाले वाहनों की व्यवस्था की जाए और सफाई कार्य की नियमित निगरानी की जाए। उनका कहना है कि समय पर कूड़ा उठान होने से क्षेत्र स्वच्छ रहेगा और लोगों को दुर्गंध व गंदगी से राहत मिलेगी।
इस संबंध में टीसीपी विभाग के अधिकारी अशोक राणा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि कालाअंब में नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए और सफाई व्यवस्था में जल्द सुधार दिखाई दे।
