Himachal Weather: समेज खड्ड ने फिर दिखाया रौद्र रूप, अस्थायी पुल बहा; अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। शिमला की समेज खड्ड एक बार फिर उफान पर आ गई है और तेज बहाव में अस्थायी पुल बह गया। मौसम विभाग ने भी अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को शिमला जिले की समेज खड्ड में अचानक आई बाढ़ के कारण खड्ड पर बनाया गया अस्थायी पुल बह गया। पुल के बह जाने से स्थानीय ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हुआ है और आवाजाही में भारी दिक्कतें आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 2024 को इसी समेज खड्ड में आई विनाशकारी बाढ़ ने कई परिवारों को गहरा नुकसान पहुंचाया था।
भारी बारिश के चलते समेज-सरपारा सड़क पर भी भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं सिरमौर जिले में नेहली धीड़ा के पास पहाड़ी से चट्टान गिरने के कारण नाहन-रेणुकाजी मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, रामपुर को रोहड़ू से जोड़ने वाली भद्राश-ब्रांदली सड़क पर भी बरसात ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नरैण पंचायत से कुरनू गांव तक कई स्थानों पर मलबा सड़क पर आने से सफर जोखिमभरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने और सड़क को जल्द सुरक्षित बनाने की मांग की है। विभाग के अधिशासी अभियंता अंकुश जम्वाल ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य लगातार जारी है।
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले कई दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 7, 8, 11, 12 और 13 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मंगलवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश हुई। कुल्लू के रोहतांग दर्रे और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई। बंजार की तीर्थन घाटी में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि शिमला, हमीरपुर और ऊना में दिनभर धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का दौर चलता रहा, जिससे उमस बनी रही।
