कालाअंब के ढाबे पर आधी रात हंगामा, कार सवार दो युवकों ने की मारपीट; जान से मारने की धमकी देने का आरोप
आधी रात ढाबे पर खाना खाने रुके युवक के साथ जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।
कार पार्क करने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में मारपीट और धमकियों तक पहुंच गया।
कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के कालाअंब में स्थित मैनथापल के एक ढाबे के बाहर देर रात मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजीव अरोड़ा निवासी गुन्नूघाट, नाहन ने बताया कि वह सोमवार की रात करीब 12:15 बजे अपने निजी कार्य से लौटते समय शर्मा ढाबा, मैनथापल पर खाना खाने के लिए रुके थे। उन्होंने अपनी कार ढाबे के बाहर साइड में खड़ी की और वाहन के पास खड़े थे।
इसी दौरान ऑल्टो कार में आए दो युवक कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचे और अपनी कार शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे लगा दी। आरोप है कि दोनों कार से उतरते ही गाली-गलौज करने लगे और बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद दोनों आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
