Sirmaur Crime News: सिरमौर में एक ही दिन मारपीट के 4 मामले दर्ज, घर में घुसकर हमला से लेकर सड़क पर युवकों से मारपीट तक मचा हड़कंप
सिरमौर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। एक ही दिन जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट और हिंसा के चार मामले दर्ज होने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
नाहन (सिरमौर)। जिले के थाना पुरुवाला, माजरा और नाहन में अलग-अलग घटनाओं के संबंध में पुलिस ने मारपीट, हमला, धमकी और अन्य आरोपों के तहत कुल चार मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे गंभीर मामला थाना पुरुवाला क्षेत्र का है। भंगानी निवासी अजय कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 4 जुलाई की रात जब वह अपने घर पर परिवार के साथ खाना खा रहे थे, तभी आसिफ अली, आरिफ अली, अलीशेर, उनकी पत्नी सहित अन्य 18-20 लोग कथित रूप से उनके घर में घुस आए।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने अजय कुमार, उनकी पत्नी प्रीति और चचेरे भाई सतीश के साथ मारपीट की। आरोप है कि अजय कुमार पर तेजधार हथियार से हमला किया गया तथा उनकी सोने की चेन भी छीन ली गई। घटना में उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला थाना माजरा के अंतर्गत भारापुर गांव का है। मोहन लाल ने शिकायत में आरोप लगाया कि 5 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उनकी जमीन पर आए साहिल, राकेश, परवेज, सुरेश, सतिंदर सहित अन्य लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी थाना क्षेत्र में तीसरा मामला भी दर्ज हुआ है। सुरेश कुमार ने शिकायत दी कि वह अपने परिवार के साथ खेत में काम कर रहे थे, तभी सलिंद्र फौजी ट्रैक्टर लेकर उनके खेत से गुजरने लगा। विरोध करने पर उसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया।
शिकायत के अनुसार सभी आरोपियों ने लाठी, डंडे, सरिया और कृषि औजारों से हमला किया। इस हमले में मीनाक्षी ठाकुर के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौथा मामला थाना नाहन में दर्ज किया गया। कच्चा टैंक निवासी सार्थक वर्मा ने शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ शिमला रोड पर ह्यूमैनिटी कैफे के पास बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर आए कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। शिकायत के अनुसार ऋषभ शर्मा और अभय पुंडीर ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने चारों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिए हैं। सभी मामलों की जांच जारी है और पुलिस घटनाओं के तथ्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
