Mandi News: औट में 3 किलो से ज्यादा चरस के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस अब खंगाल रही पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां
हिमाचल में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मंडी जिले के औट में हुई बड़ी कार्रवाई में 3.066 किलोग्राम चरस बरामद होने से एक बार फिर प्रदेश में सक्रिय ड्रग नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मंडी। मंडी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को 3.066 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई झलोगी (द्वाड़ा फ्लाईओवर) के समीप नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना औट की टीम क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.066 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर, निवासी कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औट में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
