Nahan News: कालाअंब से नाहन ला रहे थे चिट्टे की खेप, पुलिस ने नाकाबंदी कर दबोचे दो तस्कर, 11.85 ग्राम हेरोइन बरामद
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाहन में दो युवकों को चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को रोका और तलाशी के दौरान 11.85 ग्राम हेरोइन बरामद की। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नाहन निवासी दो युवक बलेनो कार (HP71-5999) में कालाअंब की ओर से नाहन की तरफ मादक पदार्थ चिट्टा/हेरोइन की खेप लेकर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में सवार दो युवकों के कब्जे से कुल 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रमन लाल (32) निवासी गांव एवं डाकघर सुरला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में बताई। वहीं, दूसरे युवक ने अपना नाम विलक्षण सिंह (23) निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन बताया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार (4 जुलाई) को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
