Himachal Rugby: जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप के लिए हिमाचल की अंडर-18 बालिका टीम रवाना, अंकिता चौधरी करेंगी कप्तानी
राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल की बेटियां एक बार फिर दमखम दिखाने को तैयार हैं। अंडर-18 जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की बालिका टीम तेलंगाना रवाना हो गई है। खिलाड़ियों से राज्य को इस बार भी शानदार प्रदर्शन और पदक की उम्मीद है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन की ओर से आयोजित 2026 जूनियर नेशनल रग्बी 7s चैंपियनशिप (अंडर-18 बालिका वर्ग) में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन की टीम तेलंगाना के लिए रवाना हो गई है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 6 और 7 जुलाई 2026 को वोक्सेन यूनिवर्सिटी, सदाशिवपेट, संगारेड्डी (हैदराबाद, तेलंगाना) में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता से पहले टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर पांवटा साहिब के एम.सी. ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां खिलाड़ियों ने फिटनेस, तकनीकी कौशल और टीम रणनीति पर गहन अभ्यास किया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया गया।
टीम की कप्तानी अंकिता चौधरी (कोटड़ी व्यास) को सौंपी गई है। टीम में स्नेहा चौधरी, नंदिता देवी, रितिका, दिव्यांशी परि, महक, अंशिका शर्मा, दिव्या ठाकुर, पायल वर्मा, रिधिमा, इच्छा और रिधि कौशल सहित कुल 12 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के कोच नवप्रीत सिंह तथा मैनेजर अनीशा चौधरी हैं।
हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद, महासचिव विशाल सरीन तथा सुधीर और धर्मेंद्र चौधरी ने पूरी टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
