कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर अब नहीं चलेगी मनमानी! चार दिन बाद सड़क पर दिखी रेहड़ी तो होगी जब्ती और चालान
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण पर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाकर यातायात में बाधा बनने वालों के लिए आखिरी चेतावनी जारी कर दी गई है। चार दिन की मोहलत के बाद संयुक्त अभियान चलाकर न सिर्फ अतिक्रमण हटाया जाएगा, बल्कि नियम तोड़ने वालों का सामान भी जब्त किया जाएगा और चालान भी काटे जाएंगे।
ग्राम पंचायत कालाअंब और पुलिस प्रशासन ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए संयुक्त कार्रवाई का फैसला लिया है। इसके तहत सड़क किनारे कारोबार करने वाले रेहड़ी-फड़ी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी रेहड़ियां सड़क से हटाकर दोनों ओर बनी नालियों (ड्रेन) के पीछे लगाएं, ताकि सड़क पर यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में ग्राम पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा और थाना प्रभारी कालाअंब ने अपनी टीम के साथ कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने सड़क तक अपना सामान फैला रखा है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए चार दिन का समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि के बाद भी किसी ने सड़क पर कब्जा बनाए रखा तो पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके अलावा मौके पर सामान जब्त करने और चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर लंबे समय से बढ़ते अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम जैसी स्थिति बनती है। सड़क संकरी होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन की इस पहल से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि चार दिन की समय-सीमा पूरी होने के बाद शुरू होने वाला अभियान सड़क को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाने में कितना सफल रहता है।
