हिमाचल: RLA वाहन पंजीकरण घोटाले में बड़ा एक्शन, गुरुग्राम से एक और आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
सोलन। हिमाचल के चर्चित वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ जारी है और माना जा रहा है कि इस मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) सोलन में सामने आए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े की जांच के दौरान सोलन पुलिस ने साहुन खान नामक आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वाहन पोर्टल में सेंध लगाकर फर्जी आईडी तैयार करने और उनका इस्तेमाल कर अवैध तरीके से वाहनों का पंजीकरण कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक सोलन और बिलासपुर से कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले मई माह में पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को गिरफ्तार किया था। गौरव से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस साहुन खान तक पहुंची। जांच एजेंसियां उसे पूरे फर्जीवाड़े की एक अहम कड़ी मान रही हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए इससे पहले भी कई बार गुरुग्राम में दबिश दी थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। आखिरकार अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को सोलन की तत्कालीन एसडीएम पूनम बंसल ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी थी। शुरुआती जांच में उत्तर प्रदेश नंबर के तीन ट्रॉलों के फर्जी पंजीकरण का मामला सामने आया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर खुलासा हुआ कि 70 से अधिक वाहनों का पंजीकरण संदिग्ध तरीके से किया गया था। बाद में इन वाहनों को बिलासपुर और झंडूता के आरएलए में स्थानांतरित भी कर दिया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि 29 अक्टूबर 2025 को आरएलए सोलन के वाहन पोर्टल पर एसडीएम और पंजीकरण क्लर्क के नाम से दो फर्जी आईडी बनाई गई थीं, जिनका इस्तेमाल इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोलन टी. एस. वर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस फर्जी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने संकेत दिए कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
