कालाअंब में ‘Hack the Web’ का रोमांच! छात्रों ने लाइव साइबर चैलेंज में दिखाई एथिकल हैकिंग की ताकत
कालाअंब (सिरमौर)। आज के दौर में जहां हर दिन नए-नए साइबर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं कालाअंब में छात्रों ने साइबर अपराधियों की तरह नहीं, बल्कि उन्हें रोकने वाले विशेषज्ञ बनने की दिशा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लाइव साइबर चैलेंज, एथिकल हैकिंग और डिजिटल सुरक्षा की रणनीतियों ने प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बना दिया।
हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर साइंस द्वारा शुक्रवार को संस्थान परिसर में ‘Hack the Web’ साइबर सिक्योरिटी हैकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और एथिकल हैकिंग के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ते हुए उन्हें भविष्य की डिजिटल चुनौतियों के लिए तैयार करना था।
हैकथॉन में 10 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रत्येक टीम में दो-दो छात्र शामिल थे। प्रतिभागियों को नियंत्रित साइबर लैब में निर्धारित समय सीमा के भीतर विभिन्न साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को हल करना था। प्रतियोगिता से पहले छात्रों को करीब एक माह तक विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन कर सकें।
समापन समारोह में हिमालयन ग्रुप के उपाध्यक्ष विकास बंसल ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और ऐसे समय में प्रशिक्षित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को निखारने के साथ-साथ उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि आने वाले समय में भी छात्रों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी समझ को मजबूत करने के लिए ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
