आगजनी के बाद फैक्ट्री से स्क्रैप ले जाने का मामला, कालाअंब पुलिस ने चार लोगों पर दर्ज की एफआईआर
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब स्थित एक उद्योग में आग लगने के बाद हटाए जा रहे स्क्रैप को कथित तौर पर बिना अनुमति कबाड़ गोदामों तक पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, माइक्रो मोशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अनिरुद्ध अग्रवाल ने थाना कालाअंब में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को फैक्ट्री में आग लगने के बाद जले हुए गत्ता रोल और अन्य स्क्रैप को हटाने तथा खुले स्थान पर डंप करने की जिम्मेदारी मोहित क्रेन सर्विस को दी गई थी। इसके तहत दिन-रात स्क्रैप हटाने का कार्य चल रहा था।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने देखा कि कुछ अन्य ट्रैक्टर भी फैक्ट्री परिसर से स्क्रैप लेकर निकल रहे हैं। संदेह होने पर कर्मचारियों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि तीन ट्रैक्टर—HR04K2090, HR04M6439 और HR04L0407—को रुचिरा फैक्ट्री के सामने कच्चे रास्ते पर कबाड़ गोदामों की ओर जाते हुए रोका गया।
मौके पर ट्रैक्टरों में मौजूद लोगों की पहचान शिव कुमार, प्रमोद, पंकज और धीरज के रूप में हुई। इसके बाद कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
