Himachal News: चुनाव हारे मिड-डे मील कर्मियों को बड़ी राहत, दोबारा मिलेगी नौकरी; शिक्षा निदेशालय ने जारी किए आदेश
पंचायतीराज चुनाव हारने वाले मिड-डे मील कर्मियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है।
अब चुनाव लड़ने के लिए नौकरी छोड़ने वाले कुक कम-हेल्पर्स दोबारा अपने पुराने पद पर लौट सकेंगे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में पराजित हुए मिड-डे मील कर्मियों को बड़ी राहत प्रदान की है। चुनाव लड़ने के लिए अपने पदों से इस्तीफा देने वाले कुक कम-हेल्पर्स (मिड-डे मील कर्मियों) को अब दोबारा अपने पुराने पद पर कार्यभार संभालने की अनुमति दे दी गई है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सरकार की पूर्व स्वीकृति के बाद यह फैसला लिया गया है। इसके तहत वे सभी कुक कम-हेल्पर्स, जिन्होंने हाल ही में पंचायतीराज चुनाव लड़ने के उद्देश्य से अपने पदों से इस्तीफा दिया था लेकिन चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, अब अपना इस्तीफा वापस लेकर पूर्व कार्यस्थल पर सेवाएं दे सकेंगे।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कर्मचारी पहले की तरह निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। इस संबंध में सभी उपनिदेशकों, प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और विद्यालय प्रभारियों को आवश्यक निर्देश भेज दिए गए हैं, ताकि पात्र कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान ने बताया कि आदेश लागू कर दिए गए हैं और संबंधित स्कूलों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए पंचायतीराज चुनावों में भाग लेने के लिए करीब 70 मिड-डे मील कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दिया था। पंचायतीराज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार इन कर्मचारियों को चुनाव लड़ने से पहले अपने पद से त्यागपत्र देना अनिवार्य होता है। अब चुनाव में पराजित हुए मिड-डे मील कर्मियों को सरकार के इस फैसले से दोबारा रोजगार का अवसर मिल गया है।
