MC Solan Election: सोलन नगर निगम में भाजपा का परचम, सुषमा शर्मा बनीं मेयर; निर्दलीय गौरव राजपूत डिप्टी मेयर
सोलन: सोलन नगर निगम की सत्ता पर आखिरकार भाजपा ने अपना कब्जा मजबूत कर लिया। मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुषमा शर्मा ने स्पष्ट बहुमत से जीत दर्ज की, जबकि डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के समर्थन से निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत विजयी रहे। इस परिणाम के साथ नगर निगम में भाजपा की रणनीति पूरी तरह सफल साबित हुई।
वीरवार दोपहर बाद नगर निगम सोलन में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चली मतदान और मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने परिणाम घोषित किए।
मेयर पद के लिए भाजपा की सुषमा शर्मा और कांग्रेस की मीनाक्षी शर्मा आमने-सामने थीं। कुल 18 मतों में से सुषमा शर्मा को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी शर्मा के पक्ष में 7 वोट पड़े। इसके साथ ही सुषमा शर्मा सोलन नगर निगम की नई मेयर निर्वाचित हो गईं।
वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति के तहत निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत का समर्थन किया। उनके मुकाबले कांग्रेस ने वार्ड-13 के पार्षद नरेंद्र कुमार को मैदान में उतारा था। मतदान में गौरव राजपूत को 11 और नरेंद्र कुमार को 7 वोट मिले, जिससे गौरव राजपूत डिप्टी मेयर चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के अलावा निर्दलीय पार्षदों ने भी मतदान किया। राज्य सरकार में मंत्री धनी राम शांडिल ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगर निगम चुनाव परिणामों को देखते हुए भाजपा की जीत पहले से ही लगभग तय मानी जा रही थी। 17 वार्डों वाली नगर निगम सोलन में भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 5 सीटें आई थीं और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती थी।
सोलन नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के साथ ही प्रदेश के सभी चार नगर निगमों में शीर्ष पदों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सोलन एकमात्र नगर निगम रहा जहां मतदान कराया गया, जबकि पालमपुर, मंडी और धर्मशाला में मेयर एवं डिप्टी मेयर का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।
जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में विजय रैली निकालकर जश्न मनाया।
