कालाअंब: काम के विवाद ने लिया हिंसक मोड़, कंपनी सुपरवाइजर पर रास्ता रोककर हमला
29 जून को हुई कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद। आरोप है कि अगले ही दिन सुपरवाइजर को रास्ते में घेरकर पीटा गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालाअंब (सिरमौर )। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक कंपनी के सुपरवाइजर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। काम को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले ही दिन हिंसक झड़प में बदल गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्यागी पुत्र राजकुमार त्यागी निवासी आदर्श नगर कैंप, यमुनानगर (हरियाणा) ने पुलिस थाना कालाअंब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता वैरभ कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है।
शिकायत में बताया गया है कि 29 जून को कंपनी में कार्यरत हेल्पर अंकित के साथ काम को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। इसके बाद ठेकेदार लाभ सिंह ने 30 जून को अंकित को काम पर आने से मना कर दिया।
आरोप है कि 30 जून को जब वह अपने सहकर्मी योगेंद्र के साथ भोजन करने के लिए कंपनी से लील की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में अंकित, कृष्णा और उनके साथ मौजूद 3-4 अन्य लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
