हिमाचल: पंजाब से संचालित चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
हिमाचल में चिट्टे के कारोबार पर पुलिस ने ऐसा वार किया है, जिसने नशा तस्करों की नींद उड़ा दी है। बिलासपुर पुलिस ने जांच की कड़ियां जोड़ते-जोड़ते सीधे पंजाब पहुंचकर उस शख्स को गिरफ्तार किया, जिस पर पूरे सप्लाई नेटवर्क का मास्टरमाइंड होने का आरोप है।
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चिट्टा (हेरोइन) सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करते हुए पंजाब के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि स्वारघाट थाना क्षेत्र में 14.01 ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया। डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन के डाटा और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच के बाद पुलिस पहले मंडी जिले के एक आरोपी तक पहुंची। उससे मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा पंजाब तक पहुंच गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर एसबीएस नगर निवासी जशनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसे इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हिमाचल लाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि इस गिरोह के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में चिट्टा सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों, रिसीवरों और आर्थिक लेनदेन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों की मदद से पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा रही हैं। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
