Kullu News: प्रसूता की मौत मामले में बड़ा एक्शन, डॉक्टर के बाद अब स्टाफ नर्स भी निलंबित
कुल्लू: क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसूता महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए डॉक्टर के बाद अब ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स को भी निलंबित कर दिया है।
मृतका के परिजनों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जबकि विभागीय जांच अभी भी जारी है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसूता महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। संबंधित डॉक्टर के निलंबन के बाद अब स्टाफ नर्स रेशमा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह निर्णय मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की रिपोर्ट तथा विभागीय स्तर पर प्राप्त तथ्यों के आधार पर लिया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय, शिमला की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, मामले की जांच पूरी होने तक स्टाफ नर्स निलंबित रहेगी। परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया था कि ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स का व्यवहार उचित नहीं था और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया।
उधर, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग ने जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होने तक संबंधित स्टाफ नर्स को निलंबित रखने का निर्णय लिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शिमला निर्धारित किया गया है और सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगी।
गौरतलब है कि इसी मामले में इससे पहले संबंधित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
