Solan News: कार से पिस्टल और देसी कट्टा बरामद, 11 कारतूस भी मिले; आरोपी पुलिस रिमांड पर
हिमाचल के सोलन जिले में एक कार से अवैध हथियारों का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान पिस्टल, देसी कट्टा और 11 कारतूस बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
नालागढ़/बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल एक्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने कार से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल एक्स के प्रभारी इंद्र के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ उपमंडल की रेडू पंचायत के भटोली गांव में दबिश दी। सूचना थी कि गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र हरिराम की कार में अवैध हथियार रखे हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी के मकान के बाहर खड़ी कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 11 कारतूस बरामद हुए। जब पुलिस ने हथियारों से संबंधित लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 3 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023, 2024 और 2025 में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में माइनिंग एक्ट के तहत भी एक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
