सिरमौर: पंचायत समिति संगड़ाह पर भाजपा का कब्जा, अनिला चौहान बनीं अध्यक्ष, दिनेश कुमार उपाध्यक्ष
नाहन (सिरमौर)। संख्या कम होने के बावजूद भाजपा ने पंचायत समिति संगड़ाह में ऐसा राजनीतिक दांव चला कि कांग्रेस की पूरी रणनीति धरी की धरी रह गई। क्रॉस वोटिंग ने चुनाव का रुख बदल दिया और भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर पंचायत समिति पर अपना कब्जा जमा लिया। जिला परिषद चुनाव में सफलता के बाद भाजपा की यह जीत जिले की स्थानीय राजनीति में अहम मानी जा रही है।
विकास खंड संगड़ाह के पंचायत समिति सभागार में बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित अनिला चौहान और कांग्रेस समर्थित मंजू के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में अनिला चौहान को 8 मत मिले, जबकि मंजू को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह अनिला चौहान एक वोट के अंतर से पंचायत समिति संगड़ाह की नई अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
वहीं, उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित दिनेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मत हासिल किए। कांग्रेस समर्थित राजेंद्र सिंह को 6 मत मिले, जिसके चलते दिनेश कुमार 3 मतों के अंतर से विजयी घोषित हुए।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार पंचायत समिति में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था, लेकिन चुनाव परिणामों ने क्रॉस वोटिंग के संकेत दिए हैं। इसी के दम पर भाजपा ने दोनों प्रमुख पद अपने नाम कर कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका दिया।
जिला परिषद चुनाव में मिली सफलता के बाद पंचायत समिति संगड़ाह में भी भाजपा की जीत को संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह परिणाम आत्ममंथन का विषय बन गया है, क्योंकि बहुमत की स्थिति के बावजूद वह अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज नहीं कर सकी।
स्थानीय स्तर पर इस परिणाम को आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले भाजपा के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस के सामने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की चुनौती और बढ़ गई है।
