Mandi News: नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर बचना पड़ा भारी, पुलिस ने रोकी कार और काटा 3 हजार का चालान
क्या आप भी वाहन की नंबर प्लेट पर धूल या मिट्टी जमी रहने को मामूली बात समझते हैं?
मंडी में एक कार चालक को यही लापरवाही महंगी पड़ गई। पुलिस ने जैसे ही वाहन रोका, नंबर प्लेट पर लगी मिट्टी ने चालक की मुश्किलें बढ़ा दीं और मौके पर ही 3 हजार रुपये का चालान कर दिया गया।
मंडी। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह बाजार में यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान नंबर प्लेट को जानबूझकर अस्पष्ट रखने वाले एक कार चालक पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, मनाली की ओर जा रही उत्तर प्रदेश पंजीकरण वाली एक कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस निरीक्षण के दौरान वाहन की आगे और पीछे लगी दोनों नंबर प्लेटों पर मिट्टी जमी हुई पाई गई, जिससे वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था।
पुलिस ने चालक से वाहन से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेज सही पाए गए, लेकिन नंबर प्लेट को स्पष्ट न रखने और वाहन की पहचान छिपाने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत तीन हजार रुपये का चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिलेभर में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नंबर प्लेट साफ और स्पष्ट रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़कों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।
