त्रिलोकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 7000 श्रद्धालुओं ने टेका माथा; माता बालासुंदरी के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
कालाअंब (सिरमौर)। ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष चतुर्दशी के अवसर पर रविवार को त्रिलोकपुर स्थित माता बालासुंदरी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और पूरे दिन मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। एक ही दिन में करीब 7000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। रविवार का अवकाश होने के कारण स्थानीय श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक रही।
मंदिर न्यास समिति के प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष चतुर्दशी तिथि और रविवारीय अवकाश के चलते लगभग 7000 श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में भंडारे की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा क्षेत्र में पड़ रही उमस भरी गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई।
मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुचारु रूप से संचालित की गईं, जिससे दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
