Home राज्य दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पहुंचे CM सुक्खू, किए कई बड़े ऐलान; सड़क, पेंशन और ST दर्जे पर बड़ी घोषणा

दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पहुंचे CM सुक्खू, किए कई बड़े ऐलान; सड़क, पेंशन और ST दर्जे पर बड़ी घोषणा

by Dainik Janvarta
0 comment

बड़ा भंगाल पहुंचे सीएम सुक्खू, किए बड़े ऐलान: सड़क के लिए 10 करोड़, महिलाओं को ₹1500, ST दर्जे की पैरवी का भरोसा

प्रदेश के सबसे दुर्गम इलाकों में शामिल बड़ा भंगाल में मुख्यमंत्री के दौरे ने विकास की नई उम्मीद जगा दी है। सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क से लेकर महिलाओं की पेंशन और ST दर्जे तक कई बड़े ऐलानों ने स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद दी है।

कांगड़ा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कांगड़ा जिले के दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास एवं राहत कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए 10 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के लिए प्रत्येक किलोमीटर की अलग-अलग निविदाएं जारी की जाएं, ताकि काम जल्द पूरा हो सके। साथ ही निर्माण मशीनरी को हवाई मार्ग से पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने हेलिपैड के आसपास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बिजली और सौर ऊर्जा को लेकर अहम फैसले

ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अपर और लोअर बड़ा भंगाल में एक-एक डीजल जनरेटर उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा सभी घरों में बिजली कनेक्शन और वायरिंग का सर्वे कराने तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।

विद्यार्थियों को मिलेगी हेली-टैक्सी सुविधा

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं शुरू करने की बात कही। उन्होंने छात्रावास निर्माण, सीबीएसई स्कूलों में प्रवेश की व्यवस्था तथा शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों के लिए हेली-टैक्सी सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने की योजना भी घोषित की गई।

बड़ा भंगाल के राजमाह की होगी ब्रांडिंग

मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल के प्रसिद्ध राजमाह को विशेष पहचान दिलाने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अखरोट और चेस्टनट की खेती को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय मीट उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा पर्यटन गतिविधियों के विस्तार पर भी जोर दिया।

मोबाइल नेटवर्क और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने निजी दूरसंचार कंपनियों से बातचीत कर क्षेत्र में जल्द मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। साथ ही पर्यटन विकास के लिए उपयुक्त वन भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

ST दर्जे और प्राकृतिक पंचायत का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल को प्राकृतिक पंचायत का दर्जा देने और क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी में शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा राशन डिपो का कोटा बढ़ाने और बाढ़ सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन वॉल निर्माण पर भी विचार करने की बात कही।

महिला मंडलों और युवक मंडल को आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने दो महिला मंडलों को दो-दो लाख रुपये तथा एक युवक मंडल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का भी ऐलान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उन्हें राजनीति करनी होती तो वे अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में जाते। उनका उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है।

उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल के लोगों का जीवन कठिन परिस्थितियों में गुजरता है, लेकिन उनका संघर्ष और हौसला प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गमता को विकास में बाधा नहीं बनने देगी और क्षेत्र की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.