चंबा: शादी से लौट रहे चार लोगों की मौत, खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे; चुराह में मातम
चंबा। रात के अंधेरे में एक कार गहरी खाई में समा गई और कुछ ही पलों में चार जिंदगियां हमेशा के लिए थम गईं। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क से काफी दूर तक जा गिरे। चंबा के चुराह उपमंडल में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार मध्य रात्रि एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार एचपी-44ए-0494 नंबर की ऑल्टो कार में सवार लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवारों के शव घटनास्थल के आसपास बिखरे मिले।
इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान शुकरदीन (52) पुत्र शक मोहम्मद, सलमान (25) पुत्र ताज मोहम्मद, ताशी उर्फ बिट्टू (41) पुत्र किशन चंद तथा संजू (22) पुत्र खेम राज के रूप में हुई है। सभी मृतक गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही एसएचओ तीसा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद पूरे चुराह क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
