नशे के खिलाफ छात्रों ने उठाई आवाज, 300 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
सिग्नेचर कैंपेन से गूंजा स्कूल परिसर, अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
नाहन (सिरमौर)। बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के बीच सिरमौर के युवाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर मजबूत संदेश दिया। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज) नाहन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपनिदेशक उच्च शिक्षा, जिला सिरमौर विजय कुमार राघव ने नशे के विरुद्ध लगाए गए सिग्नेचर कैंपेन बोर्ड पर हस्ताक्षर कर किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम लता, अध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण अधिकारी गवां सिंह नेगी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे उत्पन्न होने वाली सामाजिक बुराइयों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और नशे के खिलाफ प्रभावशाली संदेश दिए।
इसके अलावा ज्ञान-विज्ञान समिति द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक एकांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
